कछौना, हरदोई।नगर पंचायत कछौना पतसेनी की जन समस्याओं को जय हिंद जय भारत मंच ने हरदोई के व्यापारी सम्मेलन में नगर विकास मंत्री आशुतोष टण्डन को पत्र दिया। दिए गए प्रार्थना पत्र में नगर पंचायत कछौना पतसेनी में स्थित तालाबों में अवैध कब्जा होने व जल निकासी न होने के कारण गंदगी का अंबार रहता है।

वही संक्रामक बीमारी फैलने की प्रबल संभावना रहती है। नगर में जल निकासी हेतु बनाए गए अधिकांश नाले जर्जर व अनुप्रयोगी हैं। जिनपर अधिकांश लोगों ने कब्जा कर रखा है। छोटी सी बरसात में नगर जलमग्न हो जाता है। नगर पंचायत का मुख्य मार्ग काफी जर्जर व गड्ढा युक्त हो गए हैं। कस्बे से बाबूलाल पुलिया से कछौना बाजार पूर्वी होते हुए कुशीनाथ मंदिर तक व नटपुरवा (ठाकुरगंज) से बाबूलाल पुलिया तक मार्ग में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। कई संपर्क मार्गों की इंटरलॉकिंग टूट गई है। नालिया भी टूट चुकी हैं। नगर पंचायत द्वारा सड़कों की दुर्दशा के बारे में कोई पुरसाहाल नहीं है। जिसके चलते आए दिन सड़क हादसे होते हैं। नगर में सांसद, विधायकों द्वारा नगर में लगाई गई अधिकांश हाई मास्क लाइटें खराब पड़ी है। जिससे लाखों रुपए की लगी हाई मास्क लाइटें शोपीस बनी है।

कस्बे में अधिकांश इंडिया मार्का हैंडपंप खराब पड़े हैं। कुछ भवन स्वामियों ने हैंडपंपों पर अवैध कब्जा कर रखा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सभी इंडिया मार्का हैंडपंप खराब पड़े हैं। जिससे लोगों के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। प्रभारी अधीक्षक द्वारा नगर पंचायत को खराब इंडिया मार्का नलों के बारे में कई बार अवगत कराने के बावजूद अभी तक सही नहीं कराए गए हैं। नगर पंचायत कछौना पतसेनी में स्वच्छ भारत मिशन की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। अभी तक कूड़ा निस्तारण केंद्र न बनाए जाने के कारण घरों का निकलने वाला कूड़ा मुख्य मार्गों पर फेंका जा रहा है। यहां तक सेठ भुरामल इंटर कॉलेज के पास भी नगर पंचायत द्वारा कूड़ा फेंकने में शर्म नहीं आ रही है। मोहल्ला इमली पुर में खलिहान की भूमि पर नगर पंचायत द्वारा कूड़ा डाला जा रहा है। वही नगर में पशुपालकों द्वारा गोबर के ढेर लगाए जा रहे हैं। नगर में खाली प्लाटों में कूड़े के ढेर लगे हैं। जमीनी हकीकत से कोसों दूर नगर पंचायत द्वारा स्वच्छ भारत मिशन की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नगरवासी अनजाने में उक्त गंदगी के कारण संक्रामक बीमारी की चपेट में आ रहें है। नगर पंचायत में बाबूलाल पुलिया से कछौना चौराहे तक फुटपाथ पर पटरी दुकानदारों व ई रिक्शा चालकों द्वारा मनमाने तरीके से चलाए जाने के कारण जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। नगर में आवारा गौवंशों की ज्वलंत समस्या है। सड़कों पर होने वाले हादसों का मुख्य कारण आवारा गौवंश है। नगर में सूकर का बड़े पैमाने पर इजाफा हो रहा है। नगर पंचायत में लोगों द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग किया जा रहा है। जिससे पर्यावरण को काफी नुकसान हो रहा है। नगर पंचायत द्वारा दुकानदारों के लिए कोई बाजार नहीं मुहैया कराई गई। जिससे भवन स्वामी जमकर अवैध वसूली करते हैं।