हरदोई। बिलग्राम क्षेत्र के रहुला निवासी हाजी मोमिन उर्फ बल्ला के बड़े भाई हाजी जमील उर्फ जुम्मन के छोटे बेटे अफजल खां की मंगलवार तड़के एक सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अफजल खां (उम्र लगभग 32 वर्ष) आज सुबह करीब 3 बजे बिलग्राम से बघौली जा रहे थे। वह पोल्ट्री फार्मिंग का कार्य करते थे और रोज़ की तरह अपने काम के सिलसिले में बघौली के लिए निकले थे। जब वह माधौगंज क्षेत्र के सेखवापुर रोड के पास पहुंचे, तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के दाहिनी ओर खड़े एक पेड़ से टकरा गई।
इस भीषण दुर्घटना में अफजल खां की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
अफजल खां अपने पीछे पत्नी और लगभग तीन वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। उनके असमय निधन से परिजनों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुख व्याप्त है।















