नगरवासियों में उत्साह की लहर
बिलग्राम हरदोई। । कस्बे के मोहल्ला रफैयत गंज में स्थित ऐतिहासिक शिवाला मंदिर परिसर में शिव सेवा समिति शिवाला सिटी के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ धूमधाम से हुआ। ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्तों के जयकारों के बीच निकली भव्य कलश एवं पोथी यात्रा ने पूरे इलाके को भक्तिमय माहौल में डुबो दिया।

यात्रा की शुरुआत प्राचीन शिवाला मंदिर के कथा पांडाल से हुई, जहां सैकड़ों श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश धारण कर और पुरुष पोथी को कंधों पर लेकर चल रहे थे। यह शोभायात्रा मोहल्ले के करीब एक दर्जन प्राचीन मंदिरों में पहुंची, जहां हर जगह पोथी का विधिवत पूजन किया गया। रास्ते में नगरवासियों ने आतिशबाजी की रोशनी और पुष्पवर्षा से यात्रा का स्वागत कर उत्साह को दोगुना कर दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई इस धार्मिक उत्सव में शामिल होकर आनंदित नजर आया।रात्रि में कथा पांडाल में पहुंचकर यात्रा संपन्न हुई, जहां प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रवीण दीक्षित ने श्रीमद् भागवत कथा की अमृतवाणी सुनाकर भक्तों को रसपान कराया। उनकी मधुर वाणी और भक्ति भरे प्रसंगों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर के पुजारी बाबा मस्तराम ने बताया कि कथा रोजाना दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक और रात्रि 7:30 बजे से 10:30 बजे तक चलेगी, जिसमें भागवत के विभिन्न प्रसंगों पर प्रकाश डाला जाएगा।















