हरपालपुर /हरदोई।थाना क्षेत्र के बूंदापुर गांव में गन्ने की फसल की रखवाली करने गए किसान की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है।इस मामले में शनिवार को पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के बूँदापुर गांव निवासी महेंद्र सिंह 50 पुत्र हरदेव बक्स सिंह मंगलवार की शाम अपने खेत में खड़ी गन्ने की फसल की रखवाली करने गया था।बुधवार की सुबह उसका शव खेत में संदिग्ध हालत में पड़ा मिला।उसके खेत के पड़ोस में ही एक निजी टयूबबेल लगा था।जिसे कटिया डालकर चलाया जा रहा था। परिजन व पुलिस बिजली के करंट से मौत होने की बात कह रहे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी किसान की मौत बिजली का करंट लगने से होने की पुष्टि हुई है। इस मामले में मृतक के भाई बृजपाल की तहरीर पर गांव के ही विजय, नकुल पुत्र रामलड़ैते पर ट्यूबवेल पर बिजली का करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए गैर इरादतन हत्या के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक उमाकांत दीपक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है आरोपियों की तलाश की जा रही है।















