हरपालपुर/हरदोई।सांडी विकास खंड के भदार गांव में फसल की बर्बादी से गुस्साए किसानों ने मंगलवार को गांव के ही खाली पड़े तबेले में करीब 50 अवारा गौवंशो को इकट्ठा कर बंद कर दिया। सूचना पाकर पहुंचे अफसरों ने गौवंशो को गौशाला पहुंचाने की व्यवस्था करने का आश्वासन देकर चले आए। शाम तक गोवंश भूखे प्यासे तबेले में ही बंद है। सांडी ब्लाक के भदार गांव के पूर्व प्रधान सुनील सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने करीब 50 आवारा गौवंशो को घेरकर गांव के ही खाली पड़े तबेले में बंद कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सांडी के खंड विकास अधिकारी विजय नारायण राजपूत पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ पुष्पेंद्र सिंह, सहायक विकास अधिकारी कृषि विमल कुमार व ग्राम सचिव राजेश कश्यप ने ग्रामीणों से वार्ता कर आवारा गौवंशो को गौशाला में भेजने की कार्यवाही करने की बात कह कर वापस लौट आए। शाम तक गौवंश भूखे प्यासे तबेले में ही बंद है।एडीओ विमल कुमार ने बताया कि गौवंशो को गौशाला भेजने की कार्रवाई की जा रही है।















