बिलग्राम (हरदोई)। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) टिकैत संगठन की मासिक बैठक शनिवार को तहसील प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चार सूत्रीय ज्ञापन संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी एन. राम को सौंपा गया। उपजिलाधिकारी ने सभी मांगों को ध्यान से सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।ज्ञापन में पहली मांग गांव पुसेड़ा की प्राइमरी पाठशाला के पास बंद पड़ी पुलिया की सफाई कर उसे दुरुस्त कराने की थी। दूसरी मांग दुर्गागंज के मजरा सरौना में बिजली की जर्जर तारों को बदलवाने की उठाई गई, ताकि किसी दुर्घटना से बचा जा सके। तीसरी और चौथी मांग बिलग्राम क्षेत्र के बडनपुर गांव से जुड़ी थीं। यहां संपर्क मार्ग पर ग्रामीणों द्वारा अवैध रूप से घूरे डालने से राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है। साथ ही, रामआसरे के मकान से पंचायत घर तक का खडंजा पूरी तरह उखड़ चुका है, जिससे जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। किसानों ने इन सभी मुद्दों को तत्काल ठीक कराने की गुहार लगाई।बैठक में भाकियू तहसील अध्यक्ष शिवकुमार बाजपेयी, बेचेलाल, शिवपाल, विश्राम सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। उपजिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई का वादा किया।














