बिलग्राम हरदोई। बिलग्राम क्षेत्र के जरौली नेवादा सड़क के पास अंजुमन प्लाई वुड फैक्ट्री के निकट उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों ने खेत में एक विशाल अजगर देख लिया। अजगर को लोगों की भीड़ देखते ही वह फुर्ती से पास के चांदी के पेड़ पर चढ़ गया। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए और अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिसकर्मी अंशुमान सैनी पहुंचे। उन्होंने लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया और तुरंत वन विभाग की टीम को सूचित किया। इसी बीच पास के होरी लाल इंटर कॉलेज परिसर में अजगर का एक बच्चा भी मिला, जिसे पुलिसकर्मियों ने आसानी से पकड़कर वन विभाग को सौंप दिया।लेकिन मुख्य अजगर ऊंची डाल पर चढ़ा हुआ था। वन विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की जद्दोजहद के बाद पेड़ की उस डाल को काट दिया, जिस पर अजगर लिपटा हुआ था। डाल समेत अजगर खेत में गिरते ही टीम के सदस्य राहुल और इमरान ने फुर्ती दिखाते हुए उसे सुरक्षित पकड़ लिया।पकड़े गए अजगर का वजन लगभग 45 किलोग्राम और लंबाई करीब 8 फीट बताई गई है। दोनों अजगरों को सुरक्षित रेस्क्यू कर वन विभाग की टीम ने जंगल में छोड़ दिया । अजगर के पकड़े जाने के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की टीम की तारीफ की।














