हरदोई। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद के मतदाताओं को जागरूक करने हेतु जिला एवं तहसील स्तर पर एलडीडी वैन तथा वीवी पैट मशीनों के माध्यम से मतदाता जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किये जायेगें।
उन्होने बताया कि सदर व सण्डीला तहसील में 06 दिसम्बर 2021 से 05 जनवरी 2022 तक, बिलग्राम व शाहाबाद में 06 दिसम्बर से 24 दिसम्बर 2021 तक तथा तहसील सवायजपुर में 25 दिसम्बर 2021 से 05 जनवरी 2022 तक एलईडी वैन के माध्यम से ईवीएम मशीन का प्रशिक्षण देकर मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया जायेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता जारूकता एवं प्रशिक्षण को सफल बनाने हेतु समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये है कि नामित प्रभारी अधिकारी को तत्काल जिला निर्वाचन कार्यालय, हरदोई भेज कर ईवीएम मशीन अपने तहसील पर पुलिस अभिरक्षा में रखवायें तथा कम से कम चार कर्मचारियों को लगाकर जनसामान्य को जागरूक करने हेतु पूर्वान्ह 11 बजे से सायं 05 बजे तक ईवीएम प्रर्दशन एवं प्रशिक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करायें और प्रतिदिन कार्यक्रम का ब्यौरा जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करायें।















