हरपालपुर/हरदोई।उत्तर प्रदेश मे भाजपा सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर हरपालपुर ब्लॉक मुख्यालय पर सोमवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की बैठक में उन्हे सशक्त बनाने के गुर सिखाए गए।
ब्लॉक मुख्यालय पर मिशन शक्ति की बैठक में मुख्य अतिथि भाजपा विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू की पत्नी शैलजा सिंह ने कार्यक्रम में फीता काटकर मां सरस्वती की प्रतिमा की पूजा अर्चना कर शुरुआत की।उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश व समाज की जननी महिलाएं हैं।वह किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। आज देश की महिलाएं हेलीकॉप्टर लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं। देश की बेटियां पुलिस व सेना में नौकरी करके देश व अपने परिवार का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने जल संरक्षण को लेकर महिलाओं के साथ शपथ ली। उन्होंने कई नवजात बच्चों को खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन कराया।हरपालपुर के खंड विकास अधिकारी डॉक्टर संतोष वर्मा ने बताया महिलाओं के लिए स्वयं सहायता समूह चलाए जा रहे हैं। जिससे वह अपने परिवार का भरण पोषण कर सकती हैं। जल संरक्षण को लेकर कहा कि अपने घरों में जल का सही ढंग से उपयोग करें।उसे व्यर्थ ना जाने दें। क्योंकि आने वाले समय में जल को लेकर बड़ा संकट आ रहा है। विधायक पत्नी शैलजा सिंह के साथ बैठक में आई महिलाएं एवं युवतियों के द्वारा सेल्फी लेने का सिलसिला जारी रहा। इस मौके पर महिला मोर्चा की जिला मंत्री शकुंतला सिंह, श्वेता सिंह, रुकमणी, माधुरी, सत्यवती,विधायक प्रतिनिधि रजनीश त्रिपाठी मंडल अध्यक्ष राकेश मिश्रा मौजूद रहे।















