December 15, 2025 10:46 am

जनसंघ के समय से भाजपा का झंडा ऊंचा करने वाले वरिष्ठ नेता ने भाजपा से दिया इस्तीफा

दलबदलुओं की पौबारह,मूल भाजपाइयों में निराशा
हरदोई। भाजपा में दलबदलुओं का दबदबा बढ़ने से अब भाजपा के मूल कार्यकर्ताओं के मन में असन्तोष का ज्वार भांटा पूरे शबाब पर है और दलबदलुओं का लगातार पार्टी में बढ़ता कद देखने के बाद भी अब तक चुप्पी साधे रहे भाजपा के संघर्ष के साथी मूल कार्यकर्ताओं के सब्र का बांध अब जबाब दे गया है। अब तक भाजपा में चल रही अंतर्कलह ब्लाक प्रमुखी के टिकट वितरण में दलबदलुओं को मिली तरजीह से सतह पर आ गयी है। भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता अपने असंतोष का इजहार सोशल मीडिया के साथ साथ अन्य प्लेटफार्मो पर खुलेआम करके पार्टी विद डिफरेंस का नारा देने वाली भाजपा के चाल चरित्र चेहरे की सारी परतें खोलने में जुट गए हैं।
मालूम हो कि ब्लाक प्रमुखी के लिए प्रत्याशियों के नामों का एलान होने के बाद भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता जहाँ अपने आपको उपेक्षित महसूस कर रहे हैं तो वहीं प्रमुखी के चुनाव में दलबदलुओं की बल्ले बल्ले हो गयी है। अब तक भाजपा का पुरजोर विरोध करने वाले दलबदलू को सुरसा ब्लाक प्रमुखी का टिकट दिए जाने के बाद भाजपा के जनसंघ के जमाने के नेता पूर्व ब्लाक प्रमुख रामपाल सिंह ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। जनसंघी रामपाल सिंह के पौत्र और सुरसा के मंडल अध्यक्ष रहे अमित कुमार सिंह ने भी सुरसा ब्लाक प्रमुख पद के लिए घोषित भाजपा समर्थित उम्मीदवार के विरोध में नाराजगी जताते हुए कई पदाधिकारियों के साथ भाजपा से इस्तीफा दे दिया है।इस्तीफा देने के बाद पूर्व ब्लाक प्रमुख रामपाल सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को काले झंडे दिखाने वाले व्यक्ति को सुरसा से ब्लॉक प्रमुख पद का उम्मीदवार बनाकर भाजपा ने निष्ठावान कार्यकर्ताओं का मजाक बनाया है जिससे वह काफी दुखी हैं और इसलिए उन्होंने भारी मन से भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य व पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरसा अमित कुमार सिंह ने पार्टी संगठन पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में अब निष्ठावान कार्यकर्ताओं का सम्मान नही बचा है और भाजपा गुंडों व माफियाओं को टिकट देने का काम कर रही है जिससे उनके जैसे निष्ठावान कार्यकर्ता ठगे से महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले का पार्टी संगठन वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर रहा है और पूरा का पूरा संगठन गुंडे माफियाओं का साथ दे रहा है। श्री सिंह ने कहा कि भाजपा अब पहले वाली पार्टी नही रही जिसमें निष्ठावान कार्यकर्ताओं का सम्मान होता था बल्कि भाजपा में अब दलबदलुओं, गुंडे,माफियाओं,शराब माफियाओं का बोलबाला है इसलिए उन्होने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है।
गौरतलब हो कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख बावन धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर समीर सिंह को प्रमुख बनाया गया था,किंतु अब भाजपा ने धर्मेंद्र सिंह की पत्नी को टिकट दिया है,यही नहीं,पिहानी से भाजपा ने मनोज सिंह को प्रत्याशी बनाया था लेकिन राज्यसभा सांसद अशोक बाजपाई के दखल के बाद नाम वापस कर निर्दलीय प्रत्याशियों के रूप में चुनाव होगा,जबकि पिहानी में कुशी बाजपाई दमदार प्रत्याशी साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Marketing Hack 4U

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें